करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के एक विवाह घर में रविवार की रात बरात में हर्ष फायरिंग के दौरान पैर में गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पिस्टल बरामद किया है। घायल को मऊ स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सैदपुर कोतवाली के माहपुर निवासी सोनू सिंह की शादी पतार गांव निवासी बृजेश सिंह की पुत्री के साथ तय थी। करीमुद्दीनपुर बाजार स्थित एक विवाह घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। द्वारपूजा एवं जयमाल के समय कई राउंड हर्ष फायरिंग की गई। इसी दौरान गोली लगने से मऊ के कोपागंज थाना क्षेत्र स्थित लैरो गांव निवासी विनोद कुमार कनौजिया दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इस घटना के बाद वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए दोनों पक्ष के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से एक खोखा एवं एक कारतूस के अलावा पिस्टल बरामद किया। थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया की अवैध पिस्टल से हर्ष फायरिंग के दौरान घटना घटी है। सैदपुर कोतवाली के महरूपुर गांव निवासी आयुष सिंह और अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल युवक का उपचार चल रहा है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।