नगर कोतवाली के नवापुरा गंगा घाट स्थित रेत पर शुक्रवार की सुबह एक युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। काफी देर बाद मृतका की शिनाख्त मुफ्तीपुरा निवासी ममता कुशवाहा के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह नवापुर घाट पर लोग टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक युवती के शव पड़ी। इसकी जानकारी होने पर गोराबाजार चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। सोशल मीडिया पर मृतका की फोटो डालकर पुलिस शिनाख्त के प्रयास के जुट गई। काफी देर बाद परिजनों ने मृतका की पहचान मुफ्तीपुरा मुहल्ला निवासी ममता कुशवाहा (25) के रूप में की। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि किसी बात पर युवती को किसी ने डांट दिया था। इससे नाराज होकर युवती ने विषाक्त पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। कोतवाल विमलेश कुमार मौर्या ने बताया कि शिनाख्त होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।