गाजीपुर के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर (रामबन) निवासी एक युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी के मुताबिक मृतक गैंगस्टर, लूट, चोरी आदि मामलों में जेल गया था और हाल ही में बाहर आया था।
विज्ञापन
विशाल यादव (23) रात में समय करीब नौ बजे शौच करने की बात कहकर घर से निकला था। काफी देर तक नहीं आया तो परिजन खोजबीन में जुट गए। इसी बीच, सुबह उसका शव घर से दक्षिण लगभग 800 मीटर दूर भीखा साहब के अखाड़े पर स्थित सूखे कुएं में पड़ा मिला।
विज्ञापन
परिजनों के मुताबिक शव औधे मुंह अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ हैं। सफेद शर्ट और हाफ पैंट पहने हुए हैं। सिर पर पीछे चोट लगी थी। घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि किसी ने सिर पर वार कर हत्या की है। इसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।