सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के औडि़हार के पास बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे
बाइक सवार को बचाने में अनियंत्रित कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे में
वाराणसी के करौंदी स्थित आईटीआई के अध्यापक सहित चार लोग घायल हो गए। सभी
घायलों का उपचार एक निजी चिकित्सालय में कराया गया।
बलिया में नगवां
निवासी दिनेश मिश्रा वाराणसी के करौंदी आईटीआई में अध्यापक हैं। वह बुधवार
की दोपहर परिवार के साथ एक शादी समारोह में भाग लेने के लिए परिवार सहित
बलिया जा रहे थे। औडि़हार के पास कार के सामने अचानक एक बाइक सवार आ गया।
उसे बचाने में चालक संतुलन खो बैठा और अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे पलट
गई। हादसे में कार में सवार शिक्षक दिनेश मिश्रा, उनकी पत्नी सीमा मिश्रा,
पुत्री दिव्यांशी तथा चालक मोहित घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दुर्घटना में घायल लोगों को बाहर निकाला।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एक चिकित्सालय में भर्ती
कराया गया। उपचार के बाद शिक्षक परिवार सहित बलिया चले गए ।