बहादुरगंज कस्बे के प्रसिद्ध चंडी मां सिद्धपीठ मंदिर में मंगलवार की रात
घुसे चोर मां का चांदी का मुकुट, सोने की आंखें और मांगटीका समेत दान
पेटिका में रखे हजारों रुपये उठा ले गए। पुजारी दीपू तिवारी से मिली तहरीर
के आधार पर पुलिस छानबीन में जुटी है।
बहादुरगंज में मां चंडीधाम
सिद्धपीठ मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है। यहां दूर-दराज से भक्त
दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। मंगलवार की रात निर्धारित समय पर मां की आरती
करने के बाद पुजारी दीपू तिवारी गेट बंद कर घर चले गए। उधर, देर रात मंदिर
के पिछले हिस्से में लगे चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर मां चंडी
का चांदी का मुकुट, सोने की आंख व मांगटीका, कान का बाला सहित दान पेटिका
तोड़कर उसमें पड़े हजारों रुपये उठा ले गए।
जाते-जाते चोर चैनल गेट बंद भी
कर गए। बुधवार की भोर में साढ़े चार बजे जब पुजारी मंदिर में गए तो अंदर का
नजारा देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते चोरी की खबर पूरे इलाके में
फैल गई। कुछ ही देर में वहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। पुजारी ने
चोरी की सूचना पुलिस को दी।
चौकी इंचार्ज सिलदाउ राय ने मौके पर पहुंचकर
पुजारी से बातचीत करने के साथ ही छानबीन की। चोरों की इस घटना से
श्रद्धालुओं में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने जल्द इस
मामले का खुलासा नहीं किया तो लोग सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।
हटा दिए गए थे पीएसी के जवान
बहादुरगंज।
मां चंडीधाम में चोरी की घटना को लेकर एक तरफ जहां लोगों रोष है, वहीं भय
व्याप्त है। चोरी की इस घटना को लोग पुलिस की निष्क्रियता मान रहे हैं।
लोगों का कहना है कि मंदिर के बगल में टेंट डालकर एक टुकड़ी पीएसी के जवान
रहते थे, जिससे मंदिर सहित क्षेत्र की सुरक्षा होती थी, लेकिन कुछ समय पहले
पीएसी के जवानों को यहां से हटा दिया। अगर जवान यहां रहते तो शायद चोर
चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे पाते।