गाजीपुर के सैदपुर कोतवाली के सिधौना से छात्रा का अपहरण व उसकी हत्या के प्रयास मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार शेखनपुर निवासी अजय मौर्या डीफार्मा का छात्र है। पूछताछ में उसने बताया कि छात्रा ने शादी से मना कर दिया था जिस पर उसने वारदात को अंजाम दिया। गैबीपुर गांव निवासी युवती सिधौना स्थित कालेज में बीए तृतीय वर्ष में पढ़ती है।
वह 17 जनवरी को अपनी सहेलियों के साथ कालेज गई। कक्षा न चलने पर वह वापस जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ी थी। इसी दौरान युवक कार से पहुंचा और उसे वाहन में बैठाकर वाराणसी की ओर रवाना हो गया था। कुछ देर बाद चौबेपुर थाना क्षेत्र के रजवारी स्थित पुरानी हवाई पट्टी के पास छात्रा लहूलुहान स्थिति में मिली थी। ग्रामीण उसे सीएचसी सैदपुर ले आए थे।