गाजीपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित आवास के लाभार्थियों को बुधवार को जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र कलेक्ट्रेट कक्ष में जिला स्तर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का चाबी वितरित किया गया। जिले के लिए 30698 आवासों उपलब्ध कराए गए हैं, 29144 पात्र परिवारों को आवास आवंटित कर धनराशि उनके खाते में सीधे प्रेषित की गयी है।
इस दौरान मुहम्मदाबाद की विधायक अलका राय एवं जिलाधिकारी एमपी सिंह ने 10 लाभार्थियों को उनके नव निर्मित आवास में गृह प्रवेश के लिए चाबी का वितरण किया।
लाभार्थी शकुंतला देवी पत्नी श्याम लाल, रिंकू देवी पत्नी इंद्रजीत, तेतरी देवी पत्नी अंबिका राम, मंशा देवी पत्नी टुन्नू राम ग्राम पंचायत महुआरी विकासखंड सदर पुष्पा पत्नी शैलेन्द्र, पूजा पत्नी पांचू एवं विमली पत्नी नगीना, मन्ती पत्नी शिवमूरत ग्राम पंचायत भिक्खेपुर विकासखंड देवकली हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 29881 आवास एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 817 आवास कुल 30698 आवासों को गरीब आवासहीन परिवारों को भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 29144 पात्र परिवारों को आवास आवंटित कर धनराशि उनके खाते में सीधे प्रेषित की गयी है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विकासखंड में कार्यक्रम में लाभार्थियों को गृह प्रवेश-चाबी वितरण कार्यक्रम ब्लाक प्रमुखों की अध्यक्षता में आयोजित कर आवासों की चाबी का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण बालगोविंद शुक्ल आदि उपस्थित थे।
(फोटो भी)