गाजीपुर। नमामि गंगे अभियान के तहत गंगा दूतों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वे गंगा को निर्मल व स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करेंगे। करंडा ब्लॉक के चोचकपुर गंगा ग्राम में दो दिवसीय गंगा दूत प्रशिक्षण का शुभारंभ मंगलवार को किया गया।
पहले दिन गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने में गंगा दूतों के योगदान पर चर्चा की गई। विश्व जल दिवस पर सभी गंगा दूतों ने गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर जल बचाने की शपथ ली। जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए लोगों को जागरूक करना आवश्यक है। गंगा दूत नमामि गंगे अभियान को सफल बनाने के लिए गंगा ग्रामों में विभिन्न गतिविधियों को आयोजित कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उमेश श्रीवास्तव ने कहा कि गंगा को प्लास्टिक मुक्त बनाना होगा। राज्य प्रशिक्षक अंगद सिंह यादव के नेतृत्व में गंगा घाट पर सफाई की गई। डॉ अरविंद मिश्रा, पवन वर्मा, रजनीश कुमार, अजय चौधरी, राजकुमार चौधरी, ज्योति प्रजापति आदि मौजूद रहे।