शादियाबाद थाना क्षेत्र के अड़िला गांव में डायरिया का प्रकोप फैलता जा रहा है। गांव के कई लोग बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। आधा दर्जन परिवार के लोगों की स्थिति गंभीर है। जिन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है जहां स्थिति गंभीर होने पर दस मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अड़िला गांव निवासी शिवांगी (6), रानी (22), सुषमा (20), कौशल्या (45), रामकवल यादव (45), पूजा (22), शालिनी (19), सोनू (16), लक्ष्मीना (45), प्रीति (19), खुशी (15), पियूष (15), जितेंद्र (28), सुभाष (50), रितेश (11), आदित्य (10), अंशी (8) और शुभम (18) शामिल हैं। इनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित के परिजनों ने बताया कि बीते 29 अक्तूबर को अचानक सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई थी। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ती चली गई। इसके बाद गांव में स्थानीय स्तर पर इलाज किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां भी कोई सुधार नहीं होने पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव निवासी प्रफुल्ल सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद वहां से दो कर्मचारी आए और गांव में चूना का छिड़काव कर चले गए। जबकि पानी की जांच के साथ ही पूरे गांव में दवा का वितरण जरुरी है, जो नहीं किया गया।