बिरनो/नंदगंज। कारगिल शहीद कमलेश सिंह एवं शेषनाथ यादव का शहादत दिवस मंगलवार को मनाया गया। इस अवसर पर दोनों वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया गया। अमर शहीद कमलेश सिंह (सेना मेडल) के 22वें शहादत दिवस पर बिरनो थाने के पास उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि 15 जून 1999 की रात नौ बजे टाइगर हिल कारगिल पर मातृभूमि की रक्षा करते हुए गाजीपुर के गौरवशाली बलिदान के क्रम में कमलेश सिंह ने अपनी शहादत दे दी। उनकी शहादत से प्रेरणा लेकर युवा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करें जिससे देश का गौरव बढ़े। कहा कि जो राष्ट्र और मातृभूमि के लिए शहीद होता है वह भाग्यशाली होता है। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अरविंद सिंह, राघवेंद्र सिंह, राजन सिंह, पंडित ईश्वरानंद शुक्ला, पूर्व मंत्री डॉ. रमाशंकर राजभर, मंडल अध्यक्ष भाजपा मन्नू राजभर, बसपा नेता सुभाष राम, राजकुमार सिंह, बिरनो के थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, रामलाल प्रजापति, शहीद कमलेश सिंह के बड़े भाई रामशब्द सिंह, लोहा सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहीद कमलेश सिंह के पिता कैप्टन अजयनाथ सिंह और आभार भाजपा नेता योगेश सिंह ने व्यक्त किया।
धरवा गांव स्थित अमर शहीद शेषनाथ पार्क में कारगिल शहीद शेषनाथ यादव की पुण्यतिथि के अवसर पर हवन-यज्ञ और दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि गायत्री परिवार के ट्रस्टी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि गाजीपुर बलिदानियों की धरती है। देश को जब भी जरूरत पड़ी यहां के वीर सपूतों ने दुश्मनों को धूल चटा दी। शेषनाथ की शहादत अविस्मरणीय है जिस पर हम सभी को नाज है। इस अवसर पर क्षेत्र के गरीब तबके की 60 महिलाओं को साड़ी वितरित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजाधर प्रसाद शर्मा गंगेश एवं संचालन सुमिरन यादव ने किया। इस मौके पर राजा यादव, सोहन, साहब यादव, हीरा यादव, गोरख यादव, राकेश, पुष्पा यादव, निरोज यादव आदि उपस्थित रहे।