क्राइम ब्रांच एवं शहर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार की रात घाट स्टेशन के पास से कोर्ट में पेशी के दौरान बंदी चंदन सिंह के ऊपर जानलेवा हमले के एक आरोपी रत्नेश उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और बाइक बरामद किया है। विक्की ने पूछताछ में बताया कि भाई विशाल की हत्या का बदला लेने के लिए चंदन पर गोली चलाई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
शहर कोतवाली अंतर्गत सिविल बार सभागार के पास सड़क पर मंगलवार को दिन में पेशी से वापस लौटते समय बंदी चंदन सिंह पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया था। इस घटना में चंदन गंभीर रूप से घायल हो गया था। अधिवक्ताओं के दौड़ाने पर हमलावर जान बचाकर भाग निकले थे। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जानलेवा हमले के संबंध में चंदन के चाचा की तरफ से तीन लोगों रत्नेश उर्फ विक्की, अभिषेक उर्फ सोनू तथा चचेरे भाई नीरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। बीती रात नौ बजे क्राइम ब्रांच के प्रभारी टीबी सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि विक्की बाइक से मुहम्मदाबाद की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच और प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली प्रशांत श्रीवास्तव पुलिस कर्मियों के साथ घाट स्टेशन के पास पहुंच गए। पुलिस को देख विक्की भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।