पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण पूर्वाभ्यास में फायरिंग करते जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री।
- फोटो : अमर उजाला
विशेष परिस्थिति में दंगाइयों पर काबू पाने के मकसद से रविवार को जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, पुलिस अधीक्षक रामकिशोर सहित पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान गोलियों की तड़तड़ाहट से पुलिस लाइन परिसर गूंज उठा। जिलाधिकारी ने दंगाइयों पर काबू करने के गुर बताए।
दंगा नियंत्रण का पूर्वाभ्यास सुबह सात बजे पुलिस लाइन परिसर में शुरु हुआ। इसके जिले सभी थानों के धानाध्यक्ष, हमराहियों और प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाया गया था। प्रशिक्षण के क्रम में जिलाधिकारी संजय खत्री ने सभी थानाध्यक्षों, सभी एसडीएम, एडीएम, तहसीलदार से बारी-बारी से फायरिंग कराई।
दंगाई की भूमिका में रंगरूट मौजूद थे। अभ्यास के दौरान दंगाइयों ने जैसे ही पुलिस टीम पर हो-हल्ला के बीच पथराव करना शुरु किया, पुलिस कर्मियों ने अपने आप को सुरक्षित करते हुए मोर्चा संभाला। दंगाइयों को खदेड़ने के लिए आंसू गैस से गोले छोड़ते हुए उन पर रबर की गोलियां दागी। दंगाइयों की पहचान करने के लिए उन पर कलर ग्रेनेड छोड़ा। प्रशिक्षण के दौरान दंगाइयों को खदेड़ने के लिए डीएम, एसपी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने रबर की गोलियां चलाई।
जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने बताया कि पुलिस कर्मी दंगाइयों से निपटने के लिए पहले अपने-आप को तैयार करे। दंगाइयों पर काबू करने का प्रयास करें। इस अवसर कई अधिकारी मौजूद रहे।