गहमर क्षेत्र के करहिया हाल्ट स्टेशन के रेलवे क्रासिंग को न खोलने पर कुछ अराजक तत्वों ने गेटमैन तारकेश्वर सिंह (40) की पिटाई कर दी। शुक्रवार को हुई इस घटना में घायल गेटमैन का इलाज भदौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
करहिया के गेट संख्या 82 सी पर शुक्रवार की शाम गेट मैन तारकेश्वर सिंह ड्यूटी कर रहा था। किसी ट्रेन के आने की सूचना पर उसने रेलवे फाटक को बंद कर दिया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने गेटमैन पर रेलवे फाटक खोलने का दबाव बनाया। गेट को खोलने से मना करने पर उन लोगों ने गेटमैन तारकेश्वर को पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष गहमर केपी सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि मामले में पीड़ित ने तहरीर नहीं दी है।
तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी। दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार पीडब्ल्यूआई विवेकानंद ने बताया कि घायल गेटमैन तारकेश्वर ने दिलदारनगर आरपीएफ को सूचना दी है। आरपीएफ मामले की जांच कर रही है।