नौतनवा। नगर के सुभाषनगर में शनिवार दोपहर दसवीं के छात्र विश्वजीत सिंह उर्फ हिमांशु (17) ने अपने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
खबर के मुताबिक शिक्षक वृद्धिचंद कुंवर का छोटा बेटा विश्वजीत इलाहाबाद के बिशप जॉनसन स्कूल का छात्र था। कुछ दिनों पहले ही वह दसवीं की परीक्षा देकर घर लौटा था। वृद्धिचंद और उनकी पत्नी रीता सिंह दोनों शिक्षक हैं। शनिवार सुबह दोनों अपने-अपने स्कूल चले गए। जबकि विश्वजीत घर पर अकेला था।
वृद्धिचन्द ने बताया कि पानी की पाइप लाइन ठीक करने के लिये दिन में साढे़ ग्यारह बजे मिस्त्री घर पर आया था। घर में किसी को नहीं देखकर मिस्त्री ने उनके मोबाइल पर फोन किया तो वह घर पहुंचे।
देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों की मदद से दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर गए तो देखा कि विश्वजीत पंखे में साड़ी का फंदे से लटका हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
वृद्धिचंद ने बताया कि विश्वजीत कुछ दिनों से इलाहाबाद की बजाय लखनऊ में पढ़ाई करने की जिद कर रहा था। लेकिन अचानक से उसके इस कदम से सभी स्तब्ध हैं। घटना की सूचना के बाद मौके पर विधायक मुन्ना सिंह पूर्व चेयरमैन गुड्डू खान सहित आसपास के लोगों की भारी भीड़ लग गई। चौकी प्रभारी शिवशंकर तिवारी ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।