शराब कारोबारी के मुनीम को मंगलवार की रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी और उसके पास से 41 हजार रुपये लूटकर चलते बने। घटना सरजू राय मेमोरियल डिग्री कॉलेज के पास की है। घायल मुनीम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक होने पर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। लूट की घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की नाकेबंदी कर अपराधियों की धरपकड़ शुरू कर दी, लेकिन उनका कहीं अता-पता नहीं चल सका।
करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पिहुली गांव निवासी सपा नेता तथा जिला पंचायत सदस्य रामसागर यादव की क्षेत्र के दुबिहां, पहराजपुर, दुबिहां मोड़, कामुपुर सहित अन्य जगहों पर देसी शराब की दूकान है।
वह शराब की इन दूकानों से प्रतिदिन वसूली करने का काम कुसहां निवासी मुनीम भृगुनाथ यादव (45) करते हैं। वह वसूली करने के बाद बाइक से घर वापस लौट रहे थे कि अचानक बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद दाहिने पैर में गोली मार दी। गोली लगते ही मुनीम लहूलुहान होकर गिर पड़े।
इसके बाद बदमाश रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। गोली लगने के बाद आवाज सुनकर सददोपुर गांव के लोगों ने मालिक रामसागर यादव को सूचना दी। पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। सीओ ने बताया कि लूटपाट करने वालों का सुराग लगा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है, बहुत जल्द हमलावर पकड़ लिए जाएंगे।