करंडा। थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुरा के पास शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार जा रही पिकअप बिजली के खंभे से टकराकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। दुर्घटना में पिकअप पर सवार एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि चालक सहित दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए करंडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुहम्मदाबाद कोतवाली के युसूफपुर निवासी जनार्दन सिंह यादव (50) किराया का पिकअप लेकर बिहार के हाता गांव गया था। वहां शादी का कुछ सामान पिकअप पर लादकर वापस घर आ रहा था। चोचकपुर पीपा पुल से होता हुआ वह गाजीपुर आ रहा था। ब्राम्हणपुरा के पास पिकअप की गति तेज होने के कारण चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। इसके बाद पिकअप खाई में पलट गई। पिकअप पलटते ही आस- पास के लोग वहां दौड़कर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पिकअप में फंसे तीन लोगों को किसी तरह बाहर निकाला। इस हादसे में जनार्दन सिंह यादव की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। घायलों में नोनहरा निवासी चालक अब्दुल गफ्फार तथा पतरु राईनी को उपचार के लिए करंडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होते ही परिवार के लोग भी थाने पहुंच गए।