सेवराई। स्थानीय तहसील क्षेत्र के पकवलिया, राजमल बांध गाव में शुक्रवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई जिसमें 19 रिहायशी झोपड़ियां जल कर राख हो गईं। इस दौरान झोपड़ियों में रखा कपड़ा, अनाज तथा गृहस्थी का सामान जल कर नष्ट हो गया। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
थाना क्षेत्र के राजमल बांध पकवलिया गांव में किसी कारण से एक रिहायशी झोपड़ी में किसी तरह आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में लेने लगी। देखते ही देखते 19 झोपड़ियों में आग की बड़ी-बड़ी लपटें उठने लगी। पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। जो जहां था वहीं से आग बुझाने का प्रयास करने लगा लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि इस पर काबू पाना आसान नहीं था। आग लगने की जानकारी फायर विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे फायरकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस बीच झोपड़ियों में रखा खाने- पीने के सामानों के साथ साथ ही कपड़े , गहने, पैसे, अनाज समेत गृहस्थी का सारा समान जल कर नष्ट हो गया। इस घटना में रामकेश चौधरी, रामप्रवेश चौधरी, रामजी, राजकुमार, विश्वकर्मा, तूफानी, जयमंगल, सुलेखनी, अमरदेव, फूलदेव, ईश्वर देव, लालजी, प्रभु, संदीप, धर्मदेव, रवींद्र, बदामी, भीष्म, राजू आदि की रिहायशी झोपड़ियां जल गई हैं। झोपड़ियों के नष्ट हो जाने से अधिकतर पीड़ितों का परिवार खुले आकाश के नीचे आ गया है। इनके समक्ष खाने पीने का भी संकट उत्पन्न हो गया है। इधर जानकारी के बाद मौके पर जमानिया सीओ कुलभूषण ओझा फोर्स लेकर पहुंच गए तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिया। राजस्व विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच कर नुकसान का आंकलन कर रहे थे।