दिलदारनगर (गाजीपुर)। नगसर थाना क्षेत्र के गोहदा गांव के पास शनिवार की सुबह करीब दस बजे दबंगों ने चुनावी रंजिश को लेकर दशवंतपुर के ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार वर्मा (38) पर लोहे की राड से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में ग्राम प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार जिला अस्पताल में कराया गया।
रेवतीपुर ब्लॉक के दसवंतपुर के ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार वर्मा (38) शनिवार की सुबह गांव के ही दो पक्षों में हुए विवाद को नगसर थाने में समझौता कराकर अपनी बुलेट से घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दिन में करीब 10 बजे गोहदा गांव के पास पहले से ही घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने ग्राम प्रधान के ऊपर लोहे की राड से हमला कर दिया। ग्राम प्रधान चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हमलावर वहां से फरार हो गए। घायल प्रधान को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। घायल ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक दबंग चुनावी रंजिश को लेकर हमें एवं हमारे परिवार को प्रताड़ित करता रहता है। इसी रंजिश को लेकर आज थाने से घर लौटते समय दबंग ने गोहदा गांव के पास मेरे ऊपर लोहे की राड से हमला कर घायल कर दिया। इस संबंध में नगसर थाना प्रभारी सुशील यादव ने बताया कि घायल ग्राम प्रधान को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अभी घायल का उपचार चल रहा है। ग्राम प्रधान की तरफ से तहरीर मिली तो रिपोर्ट दर्जकर आरोपी हमलावर की गिरफ्तारी की जाएगी।
ग्राम प्रधान ने लगाई थी सुरक्षा की गुहार
दशवंतपुर के ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार वर्मा और उसके परिवार पर पहले भी हमला हो चुका है। दबंगों ने ग्राम प्रधान, उनके भाई और भतीजा को मारपीट कर घायल कर दिया था। इस मामले की तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई थी। इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए पीड़ित ने सुरक्षा की गुहार लगाई थी। बावजूद इसके पुलिस मामले को लेकर गंभीर नहीं हुई और दबंग ने ग्राम प्रधान पर दोबारा जानलेवा हमला कर दिया।
घायल ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि बीते 14 मई को दबंगों ने मेरे घर पर हमला बोलकर मुझे, मेरे भाई और भतीजा को घायल कर दिया था। इस मामले में मैने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। बावजूद इसके पुलिस गंभीर नहीं हुई। कहा कि इस घटना के पांचवें दिन 19 मई को हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्राम प्रधान संगठन से जुड़े लोगों के साथ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर हमलावरों को गिरफ्तारी के साथ ही अपने और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई थी। बावजूद इसके पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार नहीं की और उसने दोबारा मुझ पर जानलेवा हमला कर दिया। बताया कि मुझ पर हमला करने वाला हत्या का आरोपी है और उसके खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है।