गाजीपुर। बिरनो थाना क्षेत्र के पलिया गांव में बीते छह नवंबर को राजेश राय की हत्या का गुरुवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पत्रकार वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ल ने बताया कि राजेश राय की हत्या उसके मां-बाप ने ही की है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। माता-पिता ने ऐसा कदम बेटे के गलत चाल-चलन, दारू की लत, घर में उत्पात मचाने और बेरहमी से मारने-पीटने पर उठाया है। हत्या के बाद उसके शव को साक्ष्य छुपाने की गरज से खेत में फेंक दिया था। पुलिस की पूछताछ में मां-बाप ने अपना जुर्म भी कबूल किया है।
घटना से पर्दा उठाते हुए श्री शुक्ल ने बताया कि बिरनो थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह और उनकी पूरी टीम ने महज 48 घंटे में ही हत्यारोपियों को डांडी चट्टी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों में राजेश राय की मां आशा देवी तथा पिता उपेंद्रनाथ राय निवासी ग्राम पलिया थाना बिरनो शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में उपेंद्रनाथ ने बताया कि हम लोग अपने बेटे राजेश राय के चाल-चलन से तंग आ चुके थे। वह हमेशा शराब के नशे में रहता था और शराब पीने का आदी हो चुका था। आए दिन वह हम लोगों को बुरी तरह से मारता-पीटता था। हमारे पास जो कुछ भी बचा था, उसको भी वह शराब की लत की वजह से बेचना चाहता था। वह घर का बहुत सारा सामान बेच चुका था। अब बेटे को सुधारने का कोई रास्ता हमारे पास नहीं दिख रहा था। इसलिए हम लोग योजना बनाकर बीते पांच नवंबर की दोपहर में ही घर के अंदर उसकी हत्या कर दिए और शव को घर में ही छुपाए रखा। उसी दिन आधी रात को सुनसान हो जाने पर हम लोगों ने सहयोगियों के साथ शव को गांव के बाहर भोला राय के खेत में फेंक दिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक चाकू और रस्सी बरामद की गई।