आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के चिलबिली दान चिलबिली गांव के सिवान में छह नवंबर को हत्याकर फेंकी मिली युवती की लाश की पहचान अब तक नहीं हो सकी। पुलिस की कई टीमें शिनाख्त में जुटी हुई हैं। उधर, युवती की आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो गया कि पीड़िता के साथ बलात्कार की घटना नहीं हुई थी। आरोपियों ने उसकी हत्या कर लाश यहां फेंककर फरार हो गए। युवती का पोस्टमार्टम होने के बाद भारत रक्षा दल वालों ने उसका अंतिम संस्कार किया।
रौनापार थाना क्षेत्र में मिलने वाली इस लावारिस युवती की लाश का अंतिम संस्कार करने के साथ ही भारत रक्षा दल वालों ने अब तक कुल 274 लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार किया। भारद के प्रदेश उपाध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने कहा कि लावारिस लाशों का अंतिम संस्कार करने में पहले तो काफी परेशानी होती थी। लकड़ी आदि का खर्च उठाने में परेशानी होती थी। बावजूद इसके हमारे कर्मठ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और अथक प्रयास का परिणाम है कि हम लोग बगैर किसी रोकटोक के यह काम आज भी बेहतर ढंग से करते आ रहे हैं। बता दें कि रौनापार थाने के चिलबिली दान चिलबिली गांव में छह नवंबर को हत्याकर युवती की फेंकी हुई लाश मिली थी। काफी प्रयास के बावजूद पुलिस शव की पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सीओ सगड़ी सुधाकर सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट से स्पष्ट हो गया कि युवती के साथ बलात्कार नहीं हुआ था। शिनाख्त के लिए प्रयास जारी हैं।