गाजीपुर। करंडा विकास खंड के माहेपुर गांव में पूर्व प्रधान के खिलाफ लाखों की गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ है। सरकारी अभिलेखों में हेराफेरी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में गड़बड़ी कर यह गबन किया गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए, मामले की जांच कराने की मांग को लेकर माहेपुर गांव के उमाशंकर ने बुधवार को जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। कहा कि वह लोगों के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं।
डीएम को दिए गए पत्रक में उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधान ने वर्ष अपने कार्यकाल में कई गड़बड़ियां की है। वर्ष 2014 में भी शिकायत की गई थी। जिस पर डीएम ने तीन सदस्यीय टीम का गठन कर जांच सौंप दिया था। बाद में यह जांच राजनैतिक दबाव के कारण रोक दी गई थी। अब उसमें से दो अधिकारियों का स्थानांतरण हो चुका है। जिसके कारण जांच फिर विलंबित होने लगी है। बताया कि गांव में सोलर लाइट, ह्यूमन पाइप, शौचालय, सोख्ते, ट्री गार्ड आदि के कार्यों को दिखा कर 25 लाख रुपये का फर्जी आहरण किया गया है। कई सड़कों से बिना बनवाए ही पैसा निकाल लिया गया है। कहा कि कई कार्य पूरी तरह से फर्जी तथा निरर्थक कराए गए हैं।