जमानिया (गाजीपुर)। दानापुर रेलखंड के स्थानीय रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर स्थित डिगरी नहर पुलिया के पास शनिवार को डाउन ट्रैक पर विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी रेलवे कर्मचारियों को दी। जानकारी पर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भोर में टहलने निकले ग्रामीण रेलवे ट्रैक पर विवाहिता का शव देख सन्न रह गए। जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी रेलवे कर्मचारियों को दी। स्टेशन अधीक्षक ने घटना की सूचना दिलदारनगर स्थित जीआरपी को दी। मौके पर पहुंची जीआरपी ने युवती के शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। काफी देर बाद शव की पहचान मदनपुर गांव निवासी रघुनाथ उर्फ बबलू गोसाई की पत्नी निर्मला (32) के रूप में हुई। जीआरपी प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बताया कि महिला की मौत ट्रेन से कटकर हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।