खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बूढ़ीपुर चौराहे के पास गश्त से लौट रही पुलिस टीम ने सोमवार की देर रात दो बाइक पर सवार दो बदमाशों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर दोनों के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। दोनों बाइकें भी चोरी की निकलीं। पकड़े गए दोनों बदमाशों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ करने मेें जुटी हुई है।
एसपी सोमेन वर्मा के निर्देश पर क्षेत्र में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। क्षेत्र में थानाध्यक्ष शैलेष यादव के नेतृत्व में भ्रमण कर रही पुलिस टीम की नजर बूढ़ीपुर चौराहे के पास दो बाइक सवारों पर पड़ी। पुलिस टीम को देखते ही वह भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उन्हें धर दबोचा। पकड़े गए दोनों युवकों की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया। जबकि दोनों बाइकों के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि बाइकें चोरी की हैं। पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम बिहारीगंज निवासी गोविंद और अभय यादव बताया। दोनों ने पुलिस को बताया कि वह बाइक चोरी और छिनैती कर बेचने का काम करते हैं। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद मंगलवार को चालान कर कोर्ट में पेश किया जहां से कोर्ट के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया। इस संबंध में सैदपुर सीओ मन्नी राम गौड़ ने बताया कि दोनों को पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद चालान कर कोर्ट में पेश किया गया।