जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के जीवपुर निवासी जाहिद हुसैन की रेल यात्रा के दौरान शनिवार को अज्ञात चोरों ने 80 हजार नगदी और लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ दिलदारनगर जीआरपी पुलिस चौकी में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
इलाके के जीवपुर गांव निवासी जाहिद हुसैन अपनी बहन फरजाना खातून और दो भांजों के साथ बिहार प्रांत के बिहिया स्टेशन से फरक्का एक्सप्रेस के जनरल कोच में स्थानीय रेलवे स्टेशन के चढ़े। बिहार के बिहिया और रघुनाथपुर स्टेशन के बीच उसकी बहन फरजाना के हैंडबैग में रखा 80 हजार नगद, एक सोने का झुमका, एक सोने की नाक की कील, एक जोड़ी चांदी का पायल और एक चांदी का बेरवा अज्ञात चोरों ने उड़ा दिया। हैंडबैग के अंदर से रुपये और गहनों के गायब होने की जानकारी होते ही दोनों के होश उड़ गए। इस पर पीड़ित ने ट्रेन के अंदर इधर-उधर काफी तलाशी ली। पीड़ित जाहिद ने बताया कि बिहार प्रांत के जगदीशपुर स्थित अपनी नानी के घर रहता है और अपनी बहन के साथ गहने और रुपया लेकर स्थानीय कोतवाली के ग्राम जीवपुर स्थित अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए चला था। तभी रेल यात्रा के दौरान यह घटना हो गया। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ दिलदारनगर जीआरपी पुलिस के पास मुकदमा दर्ज कराया है। इस संबंध में दिलदारनगर जीआरपी चौकी प्रभारी केदारनाथ मौर्य ने बताया कि पीड़ित यात्री का एफआईआर दर्ज कर आरा जीआरपी को कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।