ओढां।
घने स्मॉग की वजह से सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर नौ पर गांव पंजुआना के निकट हरियाणा रोडवेज और ट्रक के बीच हुई भिड़ंत में बस चालक और परिचालक सहित 20 विद्यार्थी घायल हो गए। घायलों में बस चालक को गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों को सिरसा के नागरिक और निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। दुर्घटना की सूचना पाकर बडागुढ़ा पुलिस ने मौके का जायजा लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग खुलवाया।
हरियाणा रोडवेज के सिरसा डिपो की संगरिया से सिरसा चलने वाली बस करीब आठ बजे जैसे ही पंजुआना के निकट पहुंची तो आगे जा रहा एक ट्रक स्मॉग की वजह से दिखाई न देने के चलते हाईवे के बीच बने डिवाइडर पर चढ़ गया। ट्रक चालक ने जब ब्रेक लगाए तो पीछे से आ रही रोडवेज ट्रक में जा लगी। हादसे के बाद सवारियों से भरी बस में कोहराम मच गया। इस दुर्घटना में बस का चालक साइड का भाग अधिक क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक अशोक कुमार बुरी तरह से अंदर ही फंस गया। जिसे सवारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रॉड की सहायता से खिड़की तोड़कर बाहर निकाला।
हादसे में ये हुए घायल
इस दुर्घटना में चालक अशोक कुमार परिचालक विजय कुमार के अलावा बस में सवार छात्रा गोरीवाला निवासी कविता, अनिता व राजबाला, नुहियांवाली निवासी सुमित कुमार, पूजा रानी, प्रियंका, ज्योति, पूजा, ऊषा व श्वेता के अलावा झूट्ठी खेड़ा निवासी सौरभ व विजय व सोनू निवासी गंगा के अलावा चौटाला निवासी अमरजीत सिंह, गंगानगर निवासी महेंद्र सिंह, गोरीवाला निवासी बिमला देवी, सिरसा निवासी दलीप सिंह, रत्ताखेड़ा निवासी धर्मपाल घायल हो गए। इसके अलावा कई अन्य छात्र-छात्राओं को भी मामूली चोटें बताई जा रही हैं। घायलाेें में नुहियांवाली निवासी पूजा नामक दो छात्राओं के पैरों पर गंभीर चोटें आईं हैं। घायलों को सिरसा के नागरिक अस्पताल व अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। दुर्घटना की सूचना जैसे ही लोगों को लगी तो विभिन्न गांवों से छात्रों के परिजन आनन-फानन में घटनास्थल से होते हुए अस्पतालों में पहुंच गए। इस हादसे में बस चालक भारूखेड़ा निवासी अशोक कुमार को पैरों व सीने पर गंभीर चोटें आईं हैं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सवारियों में थी करीब सवारी
बस में सवार विद्यार्थी नुहियांवाली निवासी रविंद्र कुमार और जयपाल आदि के मुताबिक बस में करीब 100 सवारियां भरी हुई थी। उन्हाेंने बताया कि दुर्घटना के बाद बस मेें चीख-पुकार मच गई और घायल छात्र-छात्राओं को विद्यार्थियों और अन्य ने सुरक्षित बाहर निकालते हुए बस में फंसे चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। छात्रों के अनुसार उक्त बस का सुबह संगरिया से सिरसा जाने के लिए सबसे प्रथम रूट होता है, जिसके चलते सवारियों के अलावा चौटाला, गंगा, मोडी, गोरीवाला, रामपुरा बिशभनोईयां, रत्ताखेड़ा, नुहियांवाली घुंकावाली पन्नीवाला मोटा सहित अन्य गांवों से सिरसा कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी बड़ी संख्या में सवार होते हैं। बस में भीड़ इतनी होती है कि छात्र बस की खिड़कियों से लटककर कॉलेज तक पहुंचने को विवश होते हैं। हैड कांस्टेबल सतवीर कुमार ने बताया कि इस दुर्घटना में चालक-परिचालक और विद्यार्थियों एवं यात्रियों सहित करीब 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों के बयान उपरांत ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।