शादियाबाद। थाना क्षेत्र के परेवा गांव के पास गुरुवार की रात चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल नहर के पास बेसो नदी पर बने पुल की रेलिंग से तेज रफ्तार बाइक टकराकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर करुण-क्रंदन शुरू हो गया। मृतक की 21 मई को बारात जानी थी, लेकिन शादी की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
इलाके के परेवा गांव निवासी मुन्नीलाल यादव का पुत्र राकेश यादव (22) की बारात 21 मई जाने वाली थी। वह रिश्तेदारी सहित अन्य लोगों को कार्ड बांटने के लिए बाइक से गुरुवार को घर से निकला था। बांटने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान रात में करीब नौ बजे तेज रफ्तार बाइक परेवा गांव के पास गुरुवार की रात चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल नहर के पास बेसो नदी के पुल की रेलिंग से टकराते हुए पलट गई। इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने से राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने मृतक को पहचान लिया और इसकी जानकारी उसके परिवार वालों को दी। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए और शव लेकर घर आए। शव आते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए और बिलख रहे लोगों को सांत्वना देने में जुट गए। राकेश की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। राकेश दो भाइयो में छोटा था। वह गुड़गांव में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। बड़ा भाई रमेश पिता मुनीलाल ओर मां विमला देवी रो-रोकर बेहाल था। लोगों द्वारा लाख सांत्वना देने के बाद भी उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि ऐसी कोई घटना उसके संज्ञान में नहीं है और न ही किसी ने सूचना या तहरीर ही दी है।