गोरखपुर। मोहद्दीपुर के श्रीरामपुरम कॉलोनी निवासी हार्डवेयर व्यापारी धर्मेंद्र विक्रम सिंह (43) का शव शुक्रवार की दोपहर सूबा बाजार स्थित नाले में निर्वस्त्र हाल में मिला। पास ही उनके कपड़े पड़े हुए थे। धर्मेंद्र बृहस्पतिवार की शाम से लापता थे और उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ था। बेटे के मुताबिक उनकी जेब से 80 हजार रुपये, गले से सोने की चेन और अंगुली से दो अंगूठियां गायब हैं। धर्मेंद्र के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। बेटे ने हत्या की आशंका जताई है लेकिन पुलिस मौत का कारण धर्मेंद्र के नाले में गिरना मान रही है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
धर्मेंद्र देवरिया के लार थाना क्षेत्र के देववसिया के रहने वाले थे। श्रीरामपुरम कॉलोनी में वह परिवार के साथ रहते थे। देवरिया बाईपास तिराहे पर उनकी मां तारा स्टील नाम से हार्डवेयर की दुकान है। बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे धर्मेंद्र ऑटो से दुकान पर गए थे और शाम करीब पांच बजे उन्होंने बेटे प्रथम को फोन कर सड़क पर बुलाया था। इसके थोड़ी ही देर बाद धर्मेंद्र का मोबाइल ऑफ हो गया। बेटे प्रथम ने बताया कि धर्मेंद्र ने फोन पर पास में 80 हजार रुपये होने की जानकारी दी थी। परिवार के लोग उनकी तलाश में थे कि इसी बीच शुक्रवार को खोराबार के सूबा बाजार स्थित पशु अस्पताल के पास निर्माणाधीन नाले में उनका शव बरामद हो गया। सीओ कैंट प्रभात राय ने बताया कि प्रथम दृृष्टया मौत की वजह हादसा ही लग रहा है।
घर में चल रही थी भागवत कथा
घर में बृहस्पतिवार से ही भागवत कथा शुरू हुई थी। घर पर एक ओर पूजा पाठ चल रही थी तो दूसरी ओर धर्मेंद्र के लापता होेने से परिवार वाले परेशान थे इसी बीच उनकी लाश नाले से बरामद हो गई।
घर में मातम, इकलौते बेटे का दुश्मनी से इंकार
मौत की खबर घर पहुंचते ही घर में रोना-पीटना मच गया। भागवत बंद करा दिया गया। पत्नी सुषमा सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। इंटर में पढ़ने वाले इकलौते बेटे प्रथम ने बताया कि धर्मेंद्र की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
मोबाइल पर हुई थी गाली-गलौज
धर्मेंद्र के पड़ोस के एक व्यापारी ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर धर्मेंद्र ने बताया था कि किसी ने उनकी दुकान से सामान उधार लिया है। इन्हीं रुपयों के लेनदेन के लिए उससे फोन पर ही गाली-गलौज भी हुई थी।
बैंक पर भी देखे गए थे धर्मेंद्र
पड़ोसी व्यापारी ने बताया कि सूबा बाजार स्थित एसबीआई की शाखा पर धर्मेंद्र को दो लोगों के साथ देखा गया था। जबकि परिवार वालों ने बैैंक की इस शाखा में खाता होने से ही इंकार कर दिया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
नोट: आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।