मरदह (गाजीपुर)। मऊ- गाजीपुर मार्ग पर मंगलवार की देर रात दस बजे बाइक और ट्रक के आमने- सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक चालक (मृतक) हेलमेट नहीं लगाए हुए था। हादसे के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के शव को कब्जे में लेे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विरनो थाना क्षेत्र के सियारामपुर गांव स्थित अपनी बहन के घर से मंगलवार की रात बाइक पर सवार हो रामभवन यादव (28) पुत्र सकलदेव यादव और उसका चचरे भाई वीर बहादुर यादव अपने घर नसोपुर थाना सरायलखंसी जनपद मऊ जा रहे थे। तभी मरदह विद्युत सब-स्टेशन के सामने मऊ से गाजीपुर कि तरफ तेज रफ्तार जा रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे बाइक चालक रामभवन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा चचरे भाई को भी हादसे में मामूली चोट आई। बाइक चलाते वक्त दोनों युवकों में से कोई भी हेलमेट नहीं लगाया था। मौत का कारण भी सिर में चोट लगने से बताया जा रहा है। काश ! युवक हेलमेट लगाया होता, तो शायद उसकी जान बच जाती। उधर घायल वीर बहादुर यादव का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को थाने ले आई। इस संबंध में सीओ कृष्णकांत सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश जारी है, जल्द ही वह पुलिस गिरफ्त में होगा।