नंदगंज(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की देर रात एक मंदिर के पास दबंगों ने प्रेम-प्रपंच को लेकर दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए पुलिस घायलों को जिला अस्पताल ले आई है। इस मामले में घायल युवक की मां ने सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के मठियां गांव निवासी एक युवक की उसी गांव के एक व्यक्ति से गहरी दोस्ती थी। उसके घर आते-जाते युवक की आंखें उसकी पत्नी से चार हो गईं। युवक ने बातचीत के लिए दोस्त की पत्नी को एक मोबाइल फोन भी दिया था। यह बात जानने के बाद दोस्त ने अपनी पत्नी से फोन करा कर युवक को एक मंदिर के पास रात में करीब 11 बुलाया। युवक जब अपने साथी के साथ रात में वहां पहुंचा, तो उसके साथियों ने उन्हें मंदिर के खंभे में बांध कर मारना-पीटना शुरू किया दिया और तब तक मारते-पीटते रहे, जब तक कि दोनों बेहोश न हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस तथा परिजनों ने घायलों को नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए और गंभीर स्थिति में दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस मामले में घायल युवक की मां ने सात नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।