नंदगंज(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के आंकुशपुर गांव में गुरुवार की रात चोरों ने एक मकान में घुस कर आलमारी का ताला तोड़ कर लाखों रुपये के आभूषण और एक लाख 28 हजार नगदी उड़ा दिए। शुक्रवार को घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों के चीखने की आवाज सुन कर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
गांव निवासी ओम प्रकाश यादव रोज की तरह परिजनों के साथ भोजन करने के बाद सोने चले गए। देर रात चोर मकान में प्रवेश कर गए और कमरे में रखे आलमारी का ताला तोड़ कर उसमें रखा लाखों रुपये का आभूषण सहित एक लाख 28 हजार नगदी चुरा लिया। सुबह जब परिजनों की नींद टूटी तो आलमारी खुला था और सामान बिखरा पड़ा था। घटना की जानकारी अन्य लोगों को होते ही उनके होश उड़ गए। परिजनों के चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष रविंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।