खानपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर रजवारी पुल के पास शनिवार की सुबह करीब 25 वर्ष की महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेतों की तरफ जा रहे कुछ लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। इस बीच ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास पड़े एक झोले से कुछ कपड़े और कफन बरामद किया। कफन के पैकेट पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस मृतका की शिनाख्त करने में जुट गई है। कफन के पैकेज पर लिखे मोबाइल नंबर की पुलिस ने छानबीन की तो उक्त नंबर वाराणसी के आशापुर मेन रोड पर स्थित कपड़ा दुकानदार अरविंद जायसवाल का बताया गया।
सुबह ग्रामीण खेत की तरफ जा रहे थे। तभी गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर स्थित रजवारी पुल के पास झाड़ी में एक महिला का शव देखा गया। यह खबर पूरे इलाके में फैल गई है और मौके पर भीड़ जुट गई। इस दौरान किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास पड़े झोले को देखा तो उसमें पहनने के कुछ कपड़ा और एक कफन मिला। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास करती रही लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने बताया कि कफन के पैकेट पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो दुकानदार ने बताया कि शुक्रवार की शाम मेरी दुकान से 25 वर्षीय एक युवक कफन खरीदकर ले गया है। महिला के शरीर पर कहीं चोट के निशान नहीं है, जबकि उसके हाथ पर बैंडेज लगा हुआ है। ग्रामीणों में चर्चा थी कि हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए शायद शव फेंका गया हो। पुलिस ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही पैकेट पर मिले मोबाइल नंबर के आधार पर जांच की जा रही है।
उधर एसपी ग्रामीण चंद्र प्रकाश शुक्ल ने बताया कि शव के पास कफन के पैकेट पर मिले मोबाइल नंबर से संपर्क करने पर पता चला कि वह वाराणसी के आशापुर मेन रोड पर स्थित कपड़ा दुकानदार अरविंद जायसवाल का है। उन्होंने बताया कि दुकानदान का कहना थ कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े आठ बजे 25 वर्षीय युवक दुकान पर आया था। उसने अपने मित्र की पत्नी के जहर खाने और उसकी मौत होने की बता कह कफन ले गया था। इसकी छानबीन की जा रही है।