जंगीपुर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के देवकठिया गांव स्थित एक मकान को चोरों ने गुरुवार की रात खंगाल डाला। इस दौरान 20 हजार नगद, ढाई लाख के जेवरात, कीमती कपड़ों के साथ ही एक लाइसेंसी राइफल लेकर चंपत हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी और फोरेंसिक टीम ने मामले की छानबीन की। इस मामले में पीड़ित ने चोरी की तहरीर दी।
देवकठिया गांव निवासी बाबूराम यादव के परिवार के लोग रोज की तरह गुरुवार की रात भी खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरे में सो गए। देर रात छत के रास्ते चोर अंदर घुस गए। इसके बाद जिन दो कमरो में परिवार के लोग सो रहे थे, उसका दरवाजा बाहर से बंद करते हुए चोरों ने साड़ी से बांध दिया। इसके बाद तीसरे कमरे में रखी अटैची-बक्सा सहित लाइसेंसी 315 बोर की राइफल लेकर चंपत हो गए। सुबह जागने पर जब परिवार के लोगों ने बाहर निकलना चाहा तो देखा कि दरवाजा बाहर से बंद था। इस पर वह आवाज लगाने लगे। पड़ोस के लोगों को आवाज सुनाई दिया तो वह मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोला। परिजन दूसरे कमरे में गए तो देखा कि नगदी और जेवरात रखी अटैची-बक्सा के साथ ही राइफल गायब थी। चोरी की जानकारी होते ही मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। पीड़ित ने तत्काल चोरी की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी महिपाल पाठक, जंगीपुर थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान किसी ने बेसो नदी के पास टूटा-बक्सा और अटैची होने की जानकारी दी। इस पर परिवार के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित बाबूराम ने बताया कि चोर 20 हजार नकदी, करीब ढाई लाख के जेवरात, कीमती कपड़ों के साथ ही मेरे बेटे शिवकुमार यादव की लाइसेंसी राइफल चुरा ले गए। बताया कि बेटा आर्मी में नौकरी करता है अपने नाम से राइफल लिया था। फोरेंसिक टीम ने मामले की जांच-पड़ताल की। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी महिपाल पाठक ने बताया कि पीड़ित की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।