गाजीपुर। बीते सोमवार को नोनहरा थाना क्षेत्र के रसूलपुर कंधवारा से होकर गुजरने वाली बेसो नदी में हत्या कर फेंके गए विवाहिता के शव का मंगलवार की देर शाम नवागत पुलिस कप्तान यशवीर सिंह ने खुलासा कर दिया। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी ने आरोपियों को पेश करते हुए बताया कि विमली की हत्या उसके पति और ससुर ने की थी।
जंगीपुर थाना क्षेत्र के बघोर की रहने वाली कल्लू बिंद की पत्नी विमली देवी (30) का सोमवार की सुबह नोनहरा थाना क्षेत्र के रसूलपुर कंधवारा में बेसो नदी में शव मिला था। चेहरे पर गंभीर चोट के कई निशान थे। इस मामले में मृतका के पिता अभिनव बिंद ने पति कल्लू बिंद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विवाहिता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद थानाध्यक्ष इंद्रकांत मिश्रा और चौकी प्रभारी अशोक गुप्ता आरोपी की तलाश में जुट गए थे। इसी क्रम में मुखबिर से मिली सूचना पर मंगलवार की भोर में आरोपी पति कल्लू को गाजीपुर घाट स्टेशन और उसके पिता मन्नू बिंद को बघोल गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ ने पिता-पुत्र ने बताया कि पारिवारिक कलह को लेकर हम लोगों ने रविवार की रात टांगी से वार कर विमली की हत्या कर दी थी और मामले को दूसरा रूप देने के लिए शव को बेसो नदी में फेंक दिया था। नवागत पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तार करने वाली थाना पुलिस की पीठ थपथपाई।