सेवराई/दिलदारनगर। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में जमीनी विवाद को लेकर सोमवार को पट्टीदारों के बीच हुई मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को भदौरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने तीन को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
गांव के पश्चिम मोहल्ला निवासी विमलेश देवी (62) मकर संक्रांति पर्व पर सुबह घर के आंगन में पूजा-अर्चना कर रही थी। इसी दौरान उनके पट्टीदार रविकांत पांडेय से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। अभी वृद्धा कुछ समझ पाती रविकांत पांडेय ने गुस्से में आकर विमलेश देवी को मारपीट कर घायल कर दिया। इस बीच शोर शराबा सुनकर बीच-बचाव करने आए लक्ष्मीकांत पांडेय को शशिकांत पांडेय और रविकांत पांडेय ने लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही लक्ष्मीकांत पांडेय की पत्नी लालमुनी देवी (35) और पुत्री उजाला (17) को भी मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने विमलेश देवी, लालमुनी देवी और रविकांत पांडेय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दिलदारनगर एसओ अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अंशु पांडेय पुत्री लक्ष्मीकांत पांडेय के तरफ से उनकी दादी, पिता और मां पर बड़े पिता और उनके संबंधियों द्वारा प्राण घातक हमला करने की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।