दिलदारनगर। गुरुवार की देर शाम अज्ञात ट्रेन से कटकर सराफा व्यवसायी की मौत हो गई। इससे नगर के सराफा कारोबारियों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को शोक में सभी कारोबारियों ने अपनी दूकानें बंद रखी। बाजार स्थित एक कटरा में आयोजित बैठक में कारोबारियों में दो मिनट का मौन रख कर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
बैठक में नगर सराफा व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपाल वर्मा ने कहा कि जमानिया कसबा निवासी आदित्य वर्मा की सरैला मार्ग पर सराफा की दुकान है। वह प्रतिदिन सुबह दुकान पर आते थे और देर शाम बंद कर घर लौट जाते थे। गुरुवार को भी वह घर लौटने के लिए रेलवे लाइन से लेकर स्टेशन पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से काल के रूप में आई ट्रेन ने उन्हें अपने चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वह मिलनसार व्यक्ति थी। उनके व्यवहार का हर कोई कायल था। उनके निधन से सराफा कारोबारी काफी दुखी है। इसलिए आज शोक में हम लोगों की अपनी दुकानों को बंद रखा है। उन्होंने कहा कि इस दु:ख की घड़ी में सराफा कारोबारी आदित्य वर्मा के परिवार के साथ है। शोक व्यक्त करने वालों में हीरालाल वर्मा, सतेंद्र, मनोज, नीतू वर्मा, नौशाद खां, गुड्डू वर्मा, मंजय, उपेंद्र वर्मा आदि शामिल थे।