गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नवाबगंज में सोमवार की देर रात बारिश के दौरान एक पुराना पक्के मकान की छत धराशाई हो र्ग इस दुर्घटना में जहां परिवार के चार लोग घायल हो गए। वहीं हजारों का गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। गंभीर रूप से दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नगर के नवाबगंज मुहल्ला निवासी विश्वनाथ वर्मा रोज की तरह सोमवार की रात भी खाना खाने के बाद परिवार के साथ अपने पुराने पक्के मकान में सो गए। बारिश के दौरान रात में करीब तीन बजे ईंट की मकान की छत धराशाई हो गई। नीचे सोए विश्वनाथ वर्मा के पुत्र मनोज (45), चंचल (40), दिव्या (16) और कृष्णा (12) घायल हो गए। परिवार वालों का शोर-शराबा सुनकर पास-पड़ोस के लोगों की नींद टूट गई। वह घरों से निकलकर मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में लोग घायलों को जिला अस्पताल लाए, जहां गंभीर रूप से घायल मनोज और चंचल को भर्ती कराया गया। इस दुर्घटना में टीवी सहित हजारों का गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। जानकारी मिलने पर मंगलवार की सुबह सदर तहसीलदार मुकेश कुमार सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। परिवार के लोगों से क्षति की जानकारी लेते हुए पीड़ित विश्वानाथ को आश्वासन दिया कि आपदा राहत के तहत उसे सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जखनिया। भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के खानपुर रघुवर गांव में मंगलवार की सुबह बारिश के दौरान अमितचंद्र गुप्ता की कच्ची दीवार गिर गई। यह संयोग ही रहा कि उनकी मां अशरफी देवी (80) बाल-बाल बच गई। पीड़ित ने बताया कि बारिश केे दौरान दीवार गिरी। टिनशेड पर मलबा गिरने से अंदर सोई मां बाल-बाल बच गई, लेकिन मलबा में दबकर खाद्यान्न, कपड़ा सहित गृहस्थी का सैकड़ों का सामान नष्ट हो गया।