कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बा कुलपहाड़ में पांच दिन पहले घर में घुसकर अधिवक्ता के साले की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जबकि शेष दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से वकीलों में आक्रोश है।
कस्बे के बस स्टैंड निवासी माखनलाल कुशवाहा का साला प्रेमनारायण निवासी न्यूरिया थाना मौदहा जिला हमीरपुर रक्षाबंधन पर्व पर बहन से राखी बंधवाने आया था। रक्षाबंधन के बाद कुछ दिन के लिए वह कुलपहाड़ में रुक गया। मामूली विवाद को लेकर 30 अगस्त को घर में घुसकर प्रेमनारायण की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी वंशनारायण सिंह ने बताया कि जैतपुर रोड पर सगीर पहलवान की बगिया के पास तीन आरोपियों को कुलपहाड़ पुलिस और सर्विलांस की टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। आरोपियों में परमलाल पुत्र हरप्रसाद कुशवाहा, प्रदीप उर्फ बबुआ व मोहित सैनी निवासी बस स्टैंड कुलपहाड़ शामिल है। प्रदीप उर्फ बबुआ के पास से 315 बोर का अवैध रिवाल्वर बरामद किया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में कुलपहाड़ एसएचओ विजेंद्र सिंह, सर्विलांस प्रभारी दिलीप मिश्रा, सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र यादव आदि शामिल रहे। शेष दो आरोपी विपिन सोनी व मानसिंह अभी फरार है। जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद बार एसोसिएशन कुलपहाड़ द्वारा अपनी हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया गया।
हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
- शेष दो आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही पुलिस
- पांच दिन पहले अधिवक्ता के साले की गोली मारकर हत्या का मामला