सुहवल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के गौरा गांव में शुक्रवार की देर शाम अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना में गृहस्थी का सामान भी जलकर राख हो गया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
इलाके के गौरा निवासी नंदलाल राय की तीन झोपड़ी गांव के बाहर स्थित हैं। रोज की तरह वह गांव के बाहर मौजूद खेतों में काम निपटाने के बाद झोपड़ी में आराम फरमा रहे थे और शाम को घर लौट गए। कुछ देर बाद गांव के ग्रामीणों द्वारा शोर मचाने की आवाज सुनाई दी इसके बाद जब घर से बाहर निकले तो झोपड़ियों से धुएं का गुब्बार उठता दिखाई दे रहा था। जब तक वह ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचते आग की लपटों ने तीनों झोपड़ियों को अपने आगोश में ले लिया। ग्रामीणों ने निजी पंपसेट एवं अन्य संसाधनों से पानी फेंककर आग पर घंटों बाद काबू पाया लेकिन तब तक तीनों झोपड़ियां और उसमें रखे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय लेखपाल सहित संबंधित अधिकारियों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही दूसरे दिन पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने क्षतिपूर्ति का आंकलन कर रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया।