दिलदारनगर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के भक्सी गांव के पास स्थित दिलदारनगर-जमानिया बड़ी नहर से शनिवार को एक टेंपो चालक का शव मिला। घटना स्थल से पुलिस ने एक बाइक भी बरामद किया है। शव मिलने की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नहर से शव और बाइक बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। मृतक के पास से मिले मोबाइल के आधार पर उसकी शिनाख्त जमानिया थाने के वार्ड नंबर 12 निवासी टेंपो चालक के रूप में की गई। तब पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों के थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के भक्सी गांव के लोग दिलदारनगर-जमानिया बड़ी नहर के बगल से निकल रहे मार्ग पर टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर में तैरते युवक के शव और बाइक पर पड़ी। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेने के साथ ही नहर से बाइक को भी बाहर निकलवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक के सिर पर चोट का गहरा निशान था और खून गिर रहा था। मृतक के पास से मिली मोबाइल के आधार पर उसकी पहचान जमानिया कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 निवासी सोनू पासी (28) के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक स्थानीय थाना क्षेत्र के सिहूतहा गांव में किसी रिश्तेदारी में बाइक से गया था। लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा और उसका मोबाइल बंद था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पास मिले मोबाइल के आधार पर शिनाख्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। जमानिया सीओ आरबी सिंह ने बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे प्रकरण की छानबीन पुलिस कर रही है। अभी तक घरवालों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।