थाना क्षेत्र के फुल्लीगांव स्थित मां कटारी देवी मंदिर परिसर के अंदर और बाहर लगे शिलापट्ट तोड़ने और गर्भगृह में गंदगी फैलाने के मामले में अंतत: पुलिस ने मुकदमा दर्ज तो कर लिया, लेकिन घटना के दूसरे दिन भी अराजकतत्वों का पता नहीं लग सका। पुलिस की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इधर पुलिस अराजक तत्वों की पहचान के लिए ग्रामीणों की सहायता ले रही है और लगातार संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीते 27 नंबर को भी इसी मंदिर के मुख्य द्वार का चैनल तोड़कर चोरों ने दान पेटिका और गर्भगृह में पीतल के चादर को चुरा ले गए थे। तब भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया था, लेकिन घटना के तीन माह बाद भी पुलिस चोरों को तलाश करने में असफल रही है। चोरी की घटना के तीन माह बाद अब मंदिर के शिलापट्ट तोड़ने और गंदगी फैलाने का प्रकरण सामने आया है। समिति के प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया। लेकिन अभी तक पुलिस अराजक तत्वों की पहचान ही नहीं कर पाई है। पुलिस कार्रवाई करने के लिए ग्रामीणों से सहायता ले रही है। इस संबंध में जमानिया सीओ आरबी सिंह ने बताया अराजकतत्वों की पहचान के लिए ग्रामीणों की सहायता लेने के साथ पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही अराजक तत्वों को चिन्हित कर उन्हें पकड़ लिया जाएगा।