सैदपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के संविदा कर्मचारी बुधवार को बांह में काली पट्टी बांधकर सांकेतिक हड़ताल पर रहे। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर कर्मचारियों ने शासन से शीघ्र बकाए मानदेय का भुगतान किए जाने की मांग की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात संविदा कर्मचारियों ने बताया कि मार्च और अप्रैल माह के मानदेय का भुगतान न होने से उनके सामने आर्थिक समस्या पैदा हो गई है। धनाभाव की वजह से परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई जैसी तमाम समस्याएं उनके सामने हैं।
अगर जल्द उनके मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता है तो सभी संविदा कर्मचारी हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। हड़ताल पर रहने वाले कर्मचारियों में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. सोनम त्रिपाठी, प्रियंका सिंह, निर्जला यादव, उर्मिला यादव, संतोष कुमार, अतुल राजपूत, अभिषेक कुमार, रजनीश पांडेय एवं अंकुर गुप्ता आदि रहे।