बरेसर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दहेंदु गांव के सामने कंटेनर से एंबुलेंस टकराने के मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में एंबुलेंस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मध्य प्रदेश के दतिया जनपद के थरेट थाना क्षेत्र निवासी मोनू जाट ने तहरीर देकर बताया कि उसका भाई सोनू राणा एंबुलेंस चालक था। 19 अप्रैल की सुबह करीब दो बजे वह पटना से दिल्ली के लिए मरीज लेकर जा रहा था। एंबुलेंस में बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद निवासी रामचंद्र शर्मा की पत्नी पार्वती देवी इलाज के लिए ले जाई जा रही थीं।
तहरीर के अनुसार, एंबुलेंस दहेंदु गांव के सामने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 315 पर पहुंची थी, तभी आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से टकरा गई। हादसे में पार्वती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सोनू राणा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में प्रवीण शर्मा, कंचन, पिंकी, अनमोल, शान्वी और दूसरा चालक राजा कश्यप भी घायल हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कंटेनर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।