मुहम्मदाबाद। मुहम्मदाबाद नगर स्थित अष्ट शहीद इंटर कालेज के मैदान पर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल अखिल भारतीय फुटबाल टूर्नामेंट आयोजित है। छठवां मैच शुक्रवार को चक्रधरपुर रेलवे झारखंड एवं बंगलुरु के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में चक्रधरपुर ने 2-1 के अंतर से मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
पहले हाफ के 10वें मिनट में चक्रधरपुर के खिलाड़ी आकाश महतो ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे हाफ के 15वें मिनट में बंगलुरु के नोमान ने हेड कर गेंद को गोल पोस्ट में भेजकर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। खेल के अंतिम क्षणों में चक्रधरपुर झारखंड के खिलाड़ी सूरज ने गोलकर अपनी टीम को 2-1 से बढ़त दिला दी। मैच समाप्त होने पर चक्रधरपुर झारखंड की टीम ने 2-1 से मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया। मैन आफ द मैच का पुरस्कार चक्रधरपुर के आकाश महतो को मिला। इससे पहले खेल का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस मौके पर हिमांशु राय, गुलाब राम, प्रहलाद राय, तेजबहादुर यादव, सरजू यादव, कुश वर्मा आदि मौजूद थे।