गहमर कोतवाली क्षेत्र के बक्सड़ा गांव के पास बैंक मित्र से हुए एक लाख लूट के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों को चिह्नित करने में जुट गई है। जबकि घटना के 24 घंटे बाद भी कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
बक्सडा गांव निवासी अजीत कुशवाहा यूनियन बैंक से जुड़कर बैंक मित्र का कार्य करते हैं। प्रतिदिन की तरह वह बीते छह जनवरी की शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे कि गांव के ही पास एक बाइक परसवार दो नकाबपोश लुटेरे ने असलहे से आतंकित कर पैंट की जेब से एक लाख रुपए लूट लिए थे। पीड़ित ने मामले की सूचना अन्य बैंक मित्रों को देने के साथ पुलिस को दी थी। इधर देर रात सीओ जमानिया हितेंद्र कृष्ण और कोतवाल गहमर त्रिवेणी लाल सेन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर गहमर पुलिस लूट के मामले में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। बैंक मित्र के साथ हुई यह लूट की दूसरी घटना है। इससे पूर्व बीते वर्ष 16 अप्रैल को एक बैंक मित्र के साथ दिलदारनगर थाना क्षेत्र के महना से भदौरा आते समय फरीदपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक लाख पच्चीस हजार रुपये नकदी लूट की घटना को अंजाम दिया था। क्षेत्र में हो रहे इस तरह के अपराधिक मामलों से लोगों में भय बना हुआ है।इस संबंध में क्षेत्राधिकारी जमानिया हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि लूट की घटना के मामले में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है, जल्दी घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।