रेवतीपुर थानाक्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे से हथियारबंद लुटेरे असलहे के बल पर दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। गुरुवार को दोपहर बाद हुई वारदात की सूचना पर जनपद की सीमा सील कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी गई। घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। नवली गांव निवासी रामाशंकर सिंह तथा उमाशंकर सिंह का गांव में इंटर कॉलेज के बगल में ईंट भट्ठा है। रामाशंकर सिंह, छेदी सिंह तथा उनके मुनीम गुरुवार दोपहर बाद दो बजे कार्यालय में बैठकर मजदूरों को मजदूरी देने के लिए रुपयों का मिलान कर रहे थे।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो भट्ठे पर पहुंची और उसमें से उतरे तीन बदमाश कार्यालय में घुस गए, जबकि एक बाहर खड़ा रहा। वहां बदमाशों ने सभी पर असलहे तानकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दो लाख रुपये लूटकर बोलेरो से फरार हो गए। कुछ लोगों ने लुटेरों का बाइक से पीछा करना चाहा, लेकिन तब तक वे काफी दूर निकल चुके थे। पीड़ित मालिक ने घटना की सूचना 100 नंबर पर दी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी रामकिशोर ने जनपद की सीमा सील कर वाहन चेकिंग करने का निर्देश दिया। पुलिस टीम लुटेरों की तलाश में लगाई गई हैं।