थाना क्षेत्र के वाराणसी- गाजीपुर मार्ग स्थित शादी-भादी गांव के पास बृहस्पतिवार को कार की चपेट में आकर बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। बाइक को धक्का मारने के बाद कार सड़क किनारे खाई में जाकर रुक गई। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे पुत्र ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुट गई।
खरौना गांव निवासी रविंद्र नाथ सिंह (55) सुबह आठ बजे सैदपुर किसी काम से गए थे। वहां से वह बाइक से वापस आ रहे थे। शादी-भादी गांव के सामने गाजीपुर-वाराणसी मार्ग पर वाराणसी की ओर तेज रफ्तार जा रही अनियंत्रित कार ने पीछे से धक्का मार दिया। हादसे में बाइक कार के आगे के हिस्से में फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। कार सड़क किनारे खाई में जाकर रुक गई। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार छोड़कर चालक सहित चार लोग फरार हो गए। दुर्घटना के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव और कार को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी होते ही पत्नी सरोजा सिंह, भाभी उर्मिला सिंह और भाई विरेंद्र सिंह रोने-बिलखने लगे। गांव में मातम छा गया। हादसे से क्षेत्र के पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई। थानाध्यक्ष घनानंद त्रिपाठी ने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के छोटे पुत्र जितेंद्र सिंह की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।