ट्रेन पकड़ने के लिए बाइक से औड़िहार रेलवे स्टेशन जा रहे एक युवक की बुधवार की रात ईशोपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। उसे हिमाचल प्रदेश के एक निजी बैंक में फील्ड ऑफिसर की नौकरी मिली थी। ज्वाइन करने के लिए उसे हिमाचल प्रदेश जाना था। हादसे की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम छा गया।
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित टांडा कला गांव निवासी आशीष कुमार सिंह (22) को हिमाचल प्रदेश में एक निजी बैंक में फील्ड ऑफिसर के पद पर नौकरी मिली थी। उसे नौकरी ज्वाइन करने के लिए हिमाचल प्रदेश जाना था। ऐसे में वह बुधवार की रात ट्रेन पकड़ने के लिए बाइक से औड़िहार स्टेशन जा रहा था। ईशोपुर गांव के पास अज्ञात तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन के धक्के से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी रोते-बिलखते कोतवाली पहुंच गए। आशीष सिंह भाईयों और बहनों में बड़ा था। इधर पुत्र की मौत की सूचना मिलते ही मां नीतू सिंह और बहनों के रोने-बिलखने से गांव में सन्नाटा पसर गया। थानाध्यक्ष घनानंद त्रिपाठी ने बताया मृतक के भाई आदर्श सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर वाहन की पहचान की जा रही है। जल्द ही वाहन को कब्जे में लेने के साथ चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।