दिलदारनगर रकसहा बाईपास मार्ग पर आमने सामने भिड़ंत से क्षतिग्रस्त वाहन। संवाद
- फोटो : GHAZIPUR
दिलदारनगर। रकसहां बाइपास मार्ग के पास शनिवार को कार के धक्के से बाइक सवार बुआ व भतीजे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर सुनकर मातमपुर्सी करने गांव के लोग मृतक के दरवाजे पर पहुंच गए।
सेवराई गांव निवासी नितेश कुमार कुशवाहा (22) की बहन का प्रसव दिलदारनगर स्थित एक निजी अस्पताल में हुआ था। वह बकसड़ा गांव निवासी अपनी बुआ रमावती देवी (40) के साथ खाना लेकर बाइक से वहां जा रहे थे। रकसहां बाइपास मार्ग के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित मारुति कार ने बाइक में धक्का मार दिया। घटना के बाद जब- तक आस-पास के लोग पहुंचते चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इधर दोनों घायल सड़क पर लहूलुहान गिरे थे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायलों के उपचार के लिए भदौरा सीएचसी लाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत होगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर सड़क हादसे में बुआ-भतीजे के मौत की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए और दोनों शवों को देखकर बिलखने लगे। इस संबंध में थानाध्यक्ष कमलेश पाल ने बताया कि परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक को चिह्नित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।