दुबिहा। बरेसर थानाक्षेत्र के अंधौरा मोड़ पर बृहस्पतिवार की रात दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने दुकानदार को तमंचे से आतंकित कर बाइक, सात हजार नकदी और मोबाइल लूट लिया। सिर पर पत्थर से वारकर दुकानदार को घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर लुटेरे तमंचा लहराते फरार हो गए। शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे एसपी ने पीड़ित से पूछताछ की। पुलिस मुकदमा दर्ज कर लुटेरों को चिह्नित करने में जुट गई।
दिलशादपुर गांव निवासी जुगनू शर्मा की नगर कोतवाली क्षेत्र के लंका पर एल्यूमिनियम स्लाइडर की दुकान है। रोज की तरह वह देर शाम सात बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। गांव से कुछ दूूर पहले पेट्रोल पंप के पास अंधौरा मोड़ पर खड़े दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे चार लुटेरों ने ओवरटेक कर दुकानदार जुगनू को रोक लिया। अभी वह कुछ समझ पाता कि एक लुटेरे ने सिर पर पत्थर मारकर उसे घायल कर दिया। इसके बाद दूसरे लुटेरे ने तमंचा सटाकर उसकी जेब से सात हजार नकदी, मोबाइल और बाइक निकाल लिया। इसके बाद बदमाश तमंचा लहराते फरार हो गए। पास स्थित बाराचवर पुलिस चौकी में पहुंचकर भुक्तभोगी ने घटना की जानकारी दी। पुलिस वाहनों की चेकिंग में जुट गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे दिन पहुंचे पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ भुक्तभोगी से पूछताछ की। उन्होंने लुटेरों को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश मातहतों को दिया। थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम संभावित जगहों पर दबिश देने में जुटी हुई है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।