जमानिया। तहसील क्षेत्र के बरूईन गांव की भावना सिंह ने राजस्थान के नीमराणा अलवर में 39वीं सब जूनियर नेशनल आर्चरी प्रतियोगिता में ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस सफलता से क्षेत्र का नाम रोशन होने के साथ वहां के लोगों में काफी खुशी है।
क्षेत्र के भावना खुशी और आशीष तीनों द्रोणा तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र के छात्र रहे हैं। ये तीनों ही वर्तमान में बिरसा मुंडा तीरंदाजी अकादमी में खेलो इंडिया स्कीम के तहत प्रशिक्षण ले रहे हैं। भावना ने राजस्थान के नीमराणा अलवर में आयोजित 39वीं सब जूनियर नेशनल आर्चरी प्रतियोगिता में अपने वर्ग के स्पर्धा में ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मदनपुर गांव निवासी आशीष एवं फुल्ली गांव निवासी खुशी ने भी इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया, लेकिन कोई स्थान प्राप्त नहीं कर सके। इन खिलाड़ियों के साथ उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ की तरफ से कोच के तौर पर चंद्र प्रकाश उपाध्याय मौजूद रहे। इन सभी खिलाड़ियों को गाजीपुर तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे एवं तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डा. मुकेश सिंह ने द्रोणा तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र की तरफ से बधाई एवं शुभकामनाएं दी।